लखनऊ पहुंचे वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष, सीएम योगी मिले, टेकहोम राशन प्लांट का निरीक्षण किया

लखनऊ पहुंचे वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष, सीएम योगी मिले, टेकहोम राशन प्लांट का निरीक्षण किया

लखनऊ। विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा शुक्रवार को लखनऊ दौरे पर हैं। वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। आदित्यनाथ ने अपने प्रतिनिधि मंडल के साथ उनसे भेंट वार्ता की। अजय बंगा ने चिनहट ब्लॉक स्थित टेकहोम राशन प्लांट (टीएचआर यूनिट) का निरीक्षण किया। महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से संवाद किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल के साथ विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा से भेंट वार्ता की। इसमें यूपी सरकार के मंत्री और अफसर मौजूद रहे। उनमें वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, मंत्री बलदेव ओलक शामिल रहे। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास आलोक कुमार भी बैठक में शामिल हुए। विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा चिनहट स्थित टीएचआर यूनिट का निरीक्षण किया। टीएचआर का पूरा नाम टेक होम राशन है। यह यूनिट एक ऐसी खाद्य निर्माण इकाई होती है, जहां स्वयं सहायता समूहों द्वारा पोषणयुक्त खाद्य सामग्री तैयार की जाती है। यह पोषाहार विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से नि:शुल्क वितरित किया जाता है। समूह की महिलाएं तय मानकों के अनुसार पोषाहार जैसे-पंजीरी, मूंग दाल खिचड़ी, आटा-बेसन हलवा, बर्फी, दलिया आदि तैयार करती हैं। तैयार उत्पादों को साफ-सुथरे और मापदंडों के अनुरूप पैक कर लेबल लगाया जाता है। चिनहट यूनिट में 10 स्वयं सहायता समूहों की दीदियां कार्य कर रही हैं, जो पंजीरी, आटा बेसन हलवा, मूंग दाल खिचड़ी, बर्फी जैसे 6 प्रकार के पूरक पोषाहार का उत्पादन करती हैं। करीब 90 लाख की लागत से तैयार इस यूनिट को अब मॉडल यूनिट के रूप में विकसित करने की योजना है, जिसमें लगभग 5 करोड़ तक का विस्तार किया जाएगा। अन्य कंपनियों से टाइअप व मनरेगा फंड का उपयोग भी प्रस्तावित है। टीएचआर सेंटर पर के बगल में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही अलग-अलग योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। वल्र्ड बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने स्टॉलों पर जाकर योजनाओं की जानकारी हासिल की।

Post a Comment

Previous Post Next Post