संदिग्ध परिस्थितियों में अंगोछे के सहारे पेड़ से लटकता मिला युवक का शव
बाराबंकी। घर से शौच के लिए निकले युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में आम की बाग में पेड़ से अंगोछे से लटकता शव मिला। वहीं जवान बेटे की मौत की जानकारी मिलने पर गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतरवा कर पंचनामा कर अन्त्य परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। प्राप्त जानकारी अनुसार थाना टिकैतनगर अंतर्गत ग्राम रानीकटरा मजरे अगानपुर निवासी पप्पू (22) पुत्र रामसमुझ का गुरुवार सुबह करीब सात बजे गांव के बाहर स्थित एक आम की बाग में पेड़ से गमछे के सहारे शव लटकता हुआ मिला। उसी आम की बाग में आम बीनने गए बच्चों ने जब यह पूरा दृश्य देखा तो दौड़कर मृतक के घर पहुंचकर सारी आंखोदेखी परिजनो को बताई, घटना की जानकारी मिलते ही सभी आनन फानन में घटना स्थल पर पहुंचे और बेटे का शव पेड़ से लटकता हुआ देख जोर जोर से रोने बिलखने लगे। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजनो ने बताया कि सुबह करीब छह बजे पप्पू घर पर शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसके बाद यह सब कैसे हुआ उन्हें इस विषय में कोई जानकारी नहीं है। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पीएम के लिए भेजा है। साथ ही पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
Tags
Barabanki