लखनऊ। बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के सुरक्षित बचपन, शिक्षा और बेहतर भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विज्ञान फाउंडेशन द्वारा राज्य स्तर पर विशेष सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के लखनऊ, चित्रकूट, प्रयागराज और अलीगढ़ में आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चों, किशोर-किशोरियों, अभिभावकों और समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा अभिभावकों और समुदाय के लोगों को बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति संवेदनशील बनाना था। कार्यक्रमों के दौरान बच्चों को उनके प्रमुख अधिकारों की जानकारी दी गई। इनमें शिक्षा का अधिकार, बाल श्रम से मुक्ति, शोषण एवं हिंसा से सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, समानता और अपनी बात रखने की स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। बच्चों को बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को भयमुक्त वातावरण में रहने, खेलने, सीखने और अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिलना चाहिए।
लखनऊ के पारा क्षेत्र स्थित न्यू पूर्वीदीन खेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में विज्ञान फाउंडेशन के पीयर लीडर फेलो अश्विन के नेतृत्व में बच्चों ने विभिन्न रोचक गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक बदलाव का संदेश दिया। यहां आयोजित 'अधिकारों का तराजू' गतिविधि विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें तराजू के एक पलड़े पर रखे पत्थर समाज में मौजूद रूढ़ियों, बाल मजदूरी और शिक्षा में आने वाली बाधाओं के प्रतीक थे, जबकि दूसरे पलड़े पर रखी किताबें शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। बच्चों ने स्वयं आगे आकर एक-एक करके पत्थरों को हटाया और शिक्षा के पलड़े को भारी किया। इस दौरान अभिभावकों और समुदाय के लोगों ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
इसके बाद 'विशिंग ट्री' (संकल्प वृक्ष) गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपने सपनों और भविष्य में बनने की इच्छाओं को कार्ड पर लिखकर पेड़ पर लगाया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को अपने सपनों को पहचानने और शिक्षा के माध्यम से उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के लिए बाल संरक्षण और शिक्षा से जुड़े संदेशों पर आधारित सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया, जहां बच्चों ने उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं। न्यू पूर्वीदीन खेड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 50 से 52 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों ने प्रतिभाग किया।
चारों जिलों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विज्ञान फाउंडेशन ने समुदाय को यह महत्वपूर्ण संदेश दिया कि बच्चों का स्थान बाल मजदूरी में नहीं, बल्कि स्कूलों और खेल के मैदानों में है। उनका बचपन सुरक्षित रखना, उन्हें शिक्षा से जोड़ना और उनके सपनों को पूरा करने में सहयोग करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल दिवस पर आयोजित इस राज्य स्तरीय पहल ने बच्चों को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर दिया और अभिभावकों को यह संदेश दिया कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उनकी शिक्षा, सुरक्षा और स्वतंत्र सोच को प्राथमिकता देना जरूरी है।

Tags
Lucknow

.webp)