फतेहपुर तहसील क्षेत्र में हर्षोल्लास से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

फतेहपुर (बाराबंकी)। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर तहसील फतेहपुर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर गरिमामय एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत समारोहों का आयोजन किया गया। विद्या फिलिंग स्टेशन तथा बी.एल. लाइब्रेरी परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ संविधान के प्रति आस्था प्रकट की गई। विद्या फिलिंग स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ध्वजारोहण से हुई, जिसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। 

इस अवसर पर संतोष कुमार सिंह (मैनेजर), डॉ नीरज पटेल (प्रदेश सचिव, अपना दल एस), प्रदीप कुमार (आर.डी. फिलिंग स्टेशन), धर्मेंद्र वर्मा, उत्तम वर्मा, कृष्ण कुमार, रोहित कुमार, अभिषेक कुमार सहित अनेक सम्मानित नागरिक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नीरज पटेल ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने और समाज में एकता व भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। समारोह के दौरान मिठाइयों का वितरण किया गया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।

इसी क्रम में फतेहपुर तहसील स्थित बी.एल. लाइब्रेरी परिसर में भी भव्य एवं अनुशासित समारोह का आयोजन किया गया। यहां ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया तथा संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। समारोह में डॉ. नीरज पटेल (प्रदेश सचिव), अनूप वर्मा (प्रबंधक, बी.एल. लाइब्रेरी एवं जिला उपाध्यक्ष), राहुल विश्वकर्मा (जिला महासचिव), संतोष कुमार सिंह, अमित वर्मा, डॉ. सुमन वर्मा, अभिषेक यादव तथा एलियास अंसारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अनूप वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की शक्ति को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुस्तकालय जैसे संस्थान समाज को जागरूक और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में दोनों स्थानों पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की प्रगति, सामाजिक समरसता और संविधान की रक्षा का संकल्प लेते हुए समारोह का समापन किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post