छोटे भाई के सिर पर रॉड मारकर की हत्या
लखनऊ। रविवार रात बंथरा इलाके में बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर-चेहरे पर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। दोनों ने रात में शराब पी थी। उसके बाद झगड़ा किया। झगड़े में बड़े भाई ने मां की गाली दी। इस पर छोटे ने धमकी दी कि अगर तुम बड़े न होते तो तुमको आज मार डालता। इस पर मां ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करा दिया। छोटा भाई जब सो गया तो बड़ा भाई छत से उतरकर उसके कमरे में रॉड लेकर पहुंचा। उसने सो रहे छोटे भाई के सिर और चेहर पर लोहे के रॉड से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक़ बंथरा थाना क्षेत्र के खांडेदेव गांव में रविवार रात करीब 11 बजे यह घटना हुई। इसकी जानकारी सोमवार तड़के मां को तब हुई जब वह छोटे बेटे को जगाने गई। उसके चेहरे से चद्दर हटाई तो सिर और चेहरा खून से सना हुआ था। यह देखते ही मां बिलख पड़ी। इससे पड़ोसी भी जागकर वहां आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान आलोक उर्फ गोलू (24) के रूप में हुई। बड़े भाई श्रवण गौतम (30) ने उसके सिर पर रॉड से मारा। आरोपी 3 भाई हैं। मझला भाई वीरेंद्र उर्फ अटल मानसिक रूप से कमजोर है। पिता पुत्तीलाल की 8 साल पहले मौत हो गई थी।
पुलिस ने सुबह बड़े बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बंथरा थाना प्रभारी राणा राजेश सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि किसी ने युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। जब मौके पर खांडेदेव गांव पहुंचे तो पता चला कि आलोक के सिर पर उसके सगे बड़े भाई श्रवण ने रॉड मारकर हत्या की है। दोनों में किसी बात को लेकर रात करीब 9:30 बजे झगड़ा हो गया था। उसके बाद दोनों सोने चले गए। जब आलोक सो गया तो उसी दौरान श्रवण ने मौका पाकर उसके सिर पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया जिससे आलोक की मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की मां यशोदा देवी की शिकायत के आधार पर बड़े बेटे पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
मृतक के पिता पुत्तीलाल की 8 साल पहले मौत हो चुकी है। बड़ा भाई श्रवण और छोटा भाई आलोक मजदूरी करते थे। रविवार रात करीब 9:30 बजे घर में सभी लोग खाना खा रहे थे। तभी दोनों भाइयों में बहस हो गई। श्रवण ने आलोक को मां की गाली दी। इस पर आलोक ने श्रवण को धक्का देते हुए मार डालने की धमकी दी। घरवालों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। उसके बाद श्रवण छत पर सोने चला गया, जबकि आलोक कमरे में सो गया। रात में श्रवण उठकर नीचे आया और लोहे का रॉड लेकर सोते हुए आलोक के ऊपर ताबड़तोड़ वार कर दिए। भोर में मां ने बिस्तर पर छोटे बेटे की डेडबॉडी देखी तो 5:30 बजे डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने श्रवण को हिरासत में ले लिया। वह उस समय भी शराब के नशे में था। तीनों भाई अविवाहित हैं। दो बहनें कंचन और किरन हैं, दोनों बहनों की शादी हो चुकी है।
