नाती ने कुल्हाड़ी से वार कर 70 वर्षीय बाबा की हत्या की, आरोपी फरार

कौशाम्बी। जिले के सैनी थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक नाती ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर अपने 70 वर्षीय बाबा की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार सैनी थाना क्षेत्र के रामपुर धमावां गांव निवासी बाबूलाल (70) शनिवार की शाम अपने खेत में पशुओं के लिए चरी काटने गए थे। इसी दौरान उनका पोता नितिन वहां पहुंच गया और किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान नितिन ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर अपने बाबा बाबूलाल की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर सैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।मृतक की पत्नी गुलजारा ने बताया कि उनका पोता नितिन पिछले करीब आठ महीने से कोई काम नहीं कर रहा था और कर्ज में डूबा हुआ था। वह अक्सर पैसों के लिए बाबूलाल को परेशान करता रहता था। उन्होंने यह भी बताया कि करीब 15 दिन पहले नितिन ने बाबूलाल को जहर भी खिला दिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उपचार के बाद वह ठीक होकर घर लौट आए थे।थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी गुलजारा की तहरीर पर आरोपी नितिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post