एक्स-रे टेक्निशियन अभ्यर्थियों ने काटा हंगामा

अभ्यर्थी बोले 4 साल से बेरोजगार भटक रहे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के तहत कराई गई एक्स-रे टेक्निशियन भर्ती परीक्षा का अंतिम रिजल्ट जारी नहीं हुआ है। इसको लेकर अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई है। प्रदेशभर से आए अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य भवन चौराहे के सामने पार्क में प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अभ्यर्थियों ने कहा है कि भर्ती का नोटिफिकेशन 2022 में जारी हुआ था, लेकिन अब तक उन्हें नौकरी नहीं मिली। परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, फिर भी अंतिम रिजल्ट जारी नहीं किया जा रहा है। वे पिछले छह महीने से विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अधिकारियों की ओर से टेक्निकल समस्या बताकर रिजल्ट टाला जा रहा है।

बस्ती से आए आकाश कनौजिया ने कहा कि 2022 में 382 सीटों पर एक्स-रे टेक्निशियन की जगह निकली थी। 2023 में परीक्षा हुई थी साल 2025 में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन हुआ इसके बाद हम लोग अंतिम परिणाम के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। भर्ती निकलने से लेकर अब तक 4 साल गुजर चुके हैं लेकिन अभी तक रिजल्ट नहीं आया । अब हमारे सामने रोजगार का संकट है। हमलोग लंबे समय से डिपार्टमेंट के चक्कर काट रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है, अब तक हमें कोई साफ जवाब नहीं मिला। अब कहा जा रहा है कि टेक्निकल समस्या आ रही है।

अगर टेक्निकल समस्या है तो क्या हमें नौकरी ही नहीं मिलेगी? हम हाथ जोड़कर सरकार से विनती करते हैं कि हमारी समस्या पर ध्यान दिया जाए और जल्द से जल्द रोजगार दिया जाए।प्रदर्शन में शामिल नितिन कुमार बताते हैं कि- 6 महीने से वो फाइनल रिजल्ट के इंतजार में लखनऊ के चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। टेक्निकल समस्या आ गई है, ये कहकर टाला जा रहा है। अब हमें कहा जा रहा है कि मार्च क्लोजिंग चल रही है, इसलिए जॉइनिंग लेटर नहीं दिया जाएगा। यह पहली बार सुनने को मिल रहा है कि मार्च क्लोजिंग की वजह से नौकरी रोक दी जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post