ताला तोड़कर घर से एसी-यूपीएस चुराने वाले दो चोर गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी से पुलिस पहुंची आरोपियों तक, चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद


लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार इलाके में घर का ताला तोड़कर एसी की आउटडोर यूनिट और यूपीएस चोरी करने वाले दो चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद हो गया। सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

विजय बहादुर यादव के घर में दो सितंबर की सुबह चोरों ने ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। चोर घर से आईएफबी कंपनी की एसी आउटडोर यूनिट और ल्यूमिनस यूपीएस लेकर फरार हो गए थे। सूचना के बाद गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच में मिले सुरागों के आधार पर गोमतीनगर विस्तार थानाध्यक्ष गौरव बाजपेई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 3:24 बजे शालीमार बंधा रोड के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश चौहान और करण मंडल के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एसी आउटडोर यूनिट और ल्यूमिनस यूपीएस बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक मुकेश चौहान मूलरूप से बहराइच और करण मंडल पश्चिम बंगाल के मालदा जिले का रहने वाला है। दोनों गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उमंग कसौधन, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, हेड कांस्टेबल रामू यादव, हेड कांस्टेबल मोअज्जम अली, कांस्टेबल रवींद्र कुमार और कांस्टेबल अनुराग यादव शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post