5 मार्च को किसान पथ पर हुआ था हादसा, घटना में हुई थी दो लोगों की मौत
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में होली के त्योहार के दौरान हुई भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। लापरवाही से तेज गति से गलत दिशा में कार चलाने वाले चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एसयूवी को भी जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार,बीते 5 मार्च 2026 को दोपहर सुमेश कुमार ग्राम गोपालखेड़ा, पुरसेनी, मोहनलालगंज ने थाने में तहरीर दी कि उनकी बुलेट मोटरसाइकिल यूपी 32 क्यूजेड 6912 में तेज रफ्तार कार यूपी 32 क्यूवाई 1854 ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सुमेश के पिता सुशील कुमार और नाना मुन्नीलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी माता बबली गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल का इलाज चल रहा है।
शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ धारा 281, 125(बी), 106(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना में वाहन मालिक की पहचान शिवम सिंह चौहान (पुत्र विजय सिंह चौहान, निवासी खुर्दही बाजार बक्कास, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, उम्र करीब 31 वर्ष) के रूप में हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अभियुक्त के घर पर दबिश दी और उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पूछताछ में शिवम सिंह चौहान ने कबूल किया कि वह खुद कार चला रहा था। होली के उत्सव में वह तेज गति से गलत दिशा में वाहन चला रहा था, तभी सामने से आ रही बुलेट से टक्कर हो गई। हादसे के बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया था, कार को वहीं छोड़कर भाग निकला। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा और वाहन को कब्जे में लेकर न्यायालय में पेश किया।
Tags
Lucknow
