परिजनों में मचा हाहाकार, मड़ियांव इलाके का मामला
लखनऊ। मड़ियांव इलाके में जियो स्टोर मैनेजर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे में लटका मिला। पड़ोसी ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान रेहघटना सकरन सीतापुर निवासी पवन कुमार शुक्ला (30) पुत्र प्रमोद कुमार के रूप में हुई। वह जिओ कंपनी में स्टोर मैनेजर थे। लखनऊ में मड़ियांव के प्रियदर्शनी कॉलोनी में रहते थे। इस वक्त नीलगिरी स्थित जिओ स्टोर पर कार्यरत थे।
भाई भानु ने बताया कि शुक्रवार रात 9.30 बजे पुलिस से सूचना मिली कि पवन की तबीयत खराब है। इसके बाद परिवार के लोग लखनऊ पहुंचे तो मौत की जानकारी हुई। उनके कमरे में खून का थोड़ा सा निशान मिला है। परिवार में पत्नी सोनी और बेटा बल्ले मोहन (2) है। पवन पांच भाईयों में तीसरे नंबर पर थे। भाई ने बताया कि होली में घर आए थे। होली के अगले दिन ही लखनऊ आ गए। यहां पर गर्लफ्रेंड शालिनी वर्मा के साथ रहते थे। वो भी सीतापुर की रहने वाली है और किसी स्टोर पर काम करती है। वहीं मामले में पुलिस का कहना है कि फांसी लगाकर आत्महत्या की है। कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उस पर लिखा है- किसी का कोई दोष नहीं है, खुद से आत्महत्या कर रहा हूं। शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।
Tags
Lucknow
