बुद्धेश्वर मंदिर के सीताकुंड में युवक डूबा, मौत

  • नहाते समय हुआ हादसा, ट्राॅमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ा

लखनऊ। बुद्धेश्वर स्थित सीताकुंड तालाब में मंगलवार को नहाते समय युवक डूब गया। मौजूद लोगों और उसके साथियों की मदद से युवक को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, भपटा मऊ निवासी रघुनंदन रावत (पुत्र रामदयाल), जो मजदूरी का काम करता है, मंगलवार को अपने कुछ साथियों के साथ बुद्धेश्वर परिसर के सीताकुंड तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे डूबता देख शोर मचाया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला।

गंभीर हालत में रघुनंदन को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बुद्धेश्वर चौकी इंचार्ज विनय कुमार पटेल अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ उपनिरीक्षक विभोर चौधरी और अन्य पुलिसकर्मियों ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला नहाते समय हुए हादसे का लग रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सीताकुंड तालाब में अधिक गहराई होने के कारण अक्सर ऐसे हादसों का डर बना रहता है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post