टीएमसी की गंदी राजनीति व सत्ता का अहंकार चूर-चूर हो जाएगा, पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के अपमान पर बरसे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने किया 33500 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अपमान को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सत्ता का अहंकार बहुत ही जल्द चूर-चूर होकर रहेगा। जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी। प्रधानमंत्री मोदी आज यहां बुराड़ी में आयोजित एक कार्यक्रम में लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

उन्होंने इस मौके पर कहा कि जब पूरा देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान कर रहा है, तब वह दिल्ली और देशवासियों के साथ एक पीड़ा भी साझा करना चाहते हैं। मोदी ने कहा कि शनिवार को राष्ट्रपति मुर्मू संथाल आदिवासी परंपरा के एक महत्वपूर्ण उत्सव में शामिल होने के लिए बंगाल गई थीं, लेकिन उस कार्यक्रम को सम्मान देने के बजाय टीएमसी सरकार ने उसका बहिष्कार किया और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को भी पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति स्वयं संथाल आदिवासी समाज से आती हैं और उन्होंने हमेशा आदिवासी समाज के विकास और कल्याण की चिंता की है। ऐसे में उनके कार्यक्रम का बहिष्कार करना न केवल राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि आदिवासी समाज की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि यह केवल राष्ट्रपति का ही नहीं, बल्कि देश के संविधान और उसकी भावना का भी अपमान है। मोदी ने कहा कि यह लोकतंत्र की महान परंपराओं के विरुद्ध है और उन सभी महिलाओं का भी अपमान है, जिन्होंने संघर्ष और परिश्रम के बल पर समाज में ऊंचा स्थान हासिल किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की परंपरा और संस्कृति हर व्यक्ति और हर वर्ग के सम्मान की शिक्षा देती है। उन्होंने कहा कि किसी भी पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान करना देश की लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने कहा, ‘हमारे यहां कहा गया है कि अहंकार में चूर व्यक्ति चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंत में उसका विनाश निश्चित है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबी टीएमसी की राजनीति ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। मोदी ने कहा कि वह देश की राजधानी से यह स्पष्ट कहना चाहते हैं कि एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति का अपमान करने वाली टीएमसी की राजनीति और सत्ता का अहंकार बहुत जल्द टूट जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जागरूक और प्रबुद्ध जनता इस घटना को कभी नहीं भूलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता टीएमसी को एक आदिवासी नारी और देश की राष्ट्रपति के अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि न केवल बंगाल बल्कि पूरा देश और देश का आदिवासी समाज भी इस घटना को लेकर आहत है।

मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं है बल्कि पूरे देश की छवि और प्रतिष्ठा से जुड़ा है। राजधानी जितनी आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर कनेक्टिविटी वाली होगी, उतना ही भारत का आत्मविश्वास और वैश्विक पहचान मजबूत होगी। राजधानी का विकास पूरे देश की प्रतिष्ठा से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। पूर्ववर्ती केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि एक वर्ष पहले दिल्ली ने जिस ‘आपदा’ से मुक्ति पाई थी, वह कितना आवश्यक था। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि पिछले लगभग दस वर्षों तक यहां की सरकार ने विकास कार्यों को रोक कर रखा। उनका मॉडल ‘काम कम, बहाने ज्यादा’ का था, जबकि भाजपा का मॉडल ‘बहाने बंद, काम शुरू’ का है।

Post a Comment

Previous Post Next Post