व्यापारी के घर लगी भीषण आग, बहू की झुलसकर मौत

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब 4 बजे एक व्यापारी के घर में आग लग गई। आग लगने के समय घर में परिवार के छह सदस्य मौजूद थे, जिनमें से पांच को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन घर की बहू की झुलसकर माैत हाे गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने खिड़कियां तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। बचाव में एसडीआरएफ की टीम भी शामिल रही। घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियां और टैंकरों से पानी की सप्लाई की गई।

स्थानीय लोगों ने भी दमकलकर्मियों और प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्य में मदद की। घटना में घर की बहू अंकित अग्रवाल पत्नी सचिन अग्रवाल गंभीर रूप से झुलस गईं। घायल बहू को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मकान में व्यापारी परिवार के तीन भाई गिर्राज, दिनेश और हरिओम भी रहते हैं। आग लगने के समय वे सभी घर के अंदर मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी धर्मवीर सिंह, क्षेत्रीय विधायक सतीश सिकरवार और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से हालात की जानकारी ली। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया है, लेकिन ऊपरी मंजिलों पर फिर से लपटें उठती रही। प्रशासन ने बताया कि एरिया बेहद कंजेस्टेड होने के कारण आग बुझाने में देरी हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, और जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post