लखनऊ। 01 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल2026 तक 15 दिनों का स्कूली वाहनों के विरुद्ध अभियान प्रारंभ हुआ। जिसके अंतर्गत लखनऊ जनपद की चार प्रवर्तन टीमों द्वारा कानपुर रोड, दुबग्गा, काकोरी, सीतापुर रोड, आशियाना एवं महानगर क्षेत्र में स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रवर्तन दलों द्वारा 13 वाहनों को फिटनेस एवं परमिट आदि समाप्त होने पर थानों में विरुद्ध किया गया एवं 28 वाहनों के चालान किए गए। प्रत्येक स्कूली वाहन का डाटा संकलित करने एवं निगरानी तथा वाहनों की जांच हेतु परिवहन विभाग द्वारा एक पोर्टल upisvmp.com तैयार किया गया है। इसमें सभी विद्यालयों एवं उनमें संचालित समस्त वाहनों तथा वाहन के चालकों का पूर्ण विवरण विद्यालय द्वारा दर्ज किया जाएगा एवं इस अभियान के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यालय में जाकर उन वाहनों का भौतिक निरीक्षण एवं तकनीकी जांच भी सुनिश्चित की जाएगी।
जांच के दौरान वाहन का फोटो पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। जिन वाहनों की स्थिति मानक के अनुरूप में सही नहीं पाई जाएगी उनके फिटनेस निरस्त किए जाएंगे एवं पुनः फिटनेस प्राप्त किए जाने के निर्देश दिए जाएंगे। इस पोर्टल की निगरानी विभिन्न स्तरों पर सुनिश्चित किए जाने हेतु परिवहन आयुक्त से लेकर एआरटीओ स्तर तक तथा जिलाधिकारी स्तर से लेकर डीआईओएस, बीएसए स्तर तक लॉगिन आईडी तैयार की गई है। अधिकारियों/कर्मचारियों को विद्यालय आवंटन तथा विद्यालय में वाहनों का निरीक्षण पोर्टल के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाएगा।
Tags
Lucknow
