लखनऊ। श्री अमरनाथ सेवा संस्थान, प्रताप मार्केट अमीनाबाद द्वारा आयोजित 34वें विशाल अमरनाथ सेवा भंडारे के लिए गुरुवार को रसद सामग्री से भरे ट्रकों को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विधिवत शिव पूजन के बाद हरी झंडी दिखाकर कश्मीर के लिए रवाना किया।
संस्थान की ओर से बताया गया कि बेस कैंप मनीगाम (कश्मीर) में 1 जुलाई से प्रभु इच्छा तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन और विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में आचार्य राजेश शुक्ल, पंडित कार्तिक शुक्ल एवं पंडित ओम शुक्ल ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिव पूजन एवं हवन संपन्न कराया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए भेजी जा रही रसद सामग्री से लदे ट्रकों को रवाना किया।
संस्थान के महामंत्री ओम प्रकाश निगम ने बताया कि इस वर्ष भंडारे में श्रद्धालुओं को निःशुल्क चाय, नाश्ता, शुद्ध देशी घी से बना भोजन, जलेबी, इमरती, लखनवी चाट, बताशे, इडली, डोसा, सांभर तथा विभिन्न प्रकार के मिष्ठान वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा यात्रियों के लिए विश्रामगृह, कंबल और क्लॉक रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
इस अवसर पर सुधाकर त्रिपाठी, राजेंद्र अग्रवाल, साकेत शर्मा, अमरनाथ मिश्रा, डॉ. अनिल रस्तोगी, प्रदीप कुमार वर्मा (अध्यक्ष, समाचार पत्र वितरक), मुकेश गुलाटी, अनिल शर्मा, मनोज अवस्थी, पंकज रस्तोगी, आनंद सिन्हा, हरि कृष्ण रस्तोगी, अंकुर दीक्षित सहित बड़ी संख्या में शिव भक्त एवं संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Tags
Lucknow
