लखनऊ। अयोध्या के श्रीराम मंदिर जमीन प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पेश हुए। उन्होंने मामले से जुड़े दस्तावेज और कथित साक्ष्य जांच टीम को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे संजय सिंह लखनऊ स्थित मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां एसआईटी के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के समक्ष उन्होंने दस्तावेज प्रस्तुत किए। संजय सिंह का दावा है कि उनके पास भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं, जिनसे मामले में हुई कथित गड़बड़ियों का खुलासा हो सकता है।
दस्तावेज सौंपने के बाद संजय सिंह ने कहा कि किसी भी संवेदनशील मामले की निष्पक्ष जांच तभी संभव है, जब सभी पक्षों के पास उपलब्ध तथ्य और साक्ष्य जांच एजेंसी तक पहुंचें। इसी उद्देश्य से उन्होंने स्वयं एसआईटी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखा और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए।
वहीं, एसआईटी अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने दस्तावेज प्राप्त कर मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अब जांच टीम प्रस्तुत साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
Tags
Lucknow
