लोकबंधु अस्पताल में कर्मचारियों का विवाद, अभद्रता का ऑडियो वायरल, पुलिस जांच शुरू

लखनऊ। राजधानी के राजनारायण लोकबंधु संयुक्त अस्पताल में कर्मचारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। अस्पताल के एक वार्ड बॉय और एक्स-रे टेक्नीशियन के बीच हुई कथित अभद्र बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। ऑडियो में गाली-गलौज और धमकी दिए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

वार्ड बॉय अनुज कुमार का आरोप है कि अस्पताल के एक्स-रे टेक्नीशियन हसमुद्दीन ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, मां-बहन की गालियां दीं, जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में उन्होंने अस्पताल के निदेशक को लिखित शिकायत देकर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि दोनों कर्मचारियों के बीच हुई बातचीत का कथित ऑडियो अस्पताल के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में भी साझा किया गया था। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन या ग्रुप एडमिन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई, जिससे कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

ऑडियो वायरल होने के अगले दिन अनुज कुमार ने कृष्णा नगर थाने पहुंचकर भी लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले में कृष्णा नगर थाना प्रभारी पी.के. सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post