पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने अत्यधिक शराब पीने से मौत की कही बात, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कारण
लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के बकतौरीखेड़ा गांव में गुरुवार देर रात 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब के नशे में घर पहुंचे युवक का भाइयों से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पिटाई की गई। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने युवक की मौत अत्यधिक शराब पीने के कारण होने की बात कही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बकतौरीखेड़ा गांव निवासी संदीप अपनी पत्नी के साथ रहता था। ग्रामीणों के मुताबिक गुरुवार देर रात संदीप शराब के नशे में घर पहुंचा और दरवाजे पर खड़े होकर पिता को गालियां देने लगा। इस पर भाइयों ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद भाइयों ने संदीप की पिटाई की और उसे घर के अंदर ले गए। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को संदीप की मौत की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसीपी आरके सिंह और इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने बताया कि संदीप ने अत्यधिक शराब पी थी, जिसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी आरके सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Lucknow
