नगर निगम जो-8 में गंदे पानी को लेकर हंगामा, सड़क जाम कर किया नारेबाजी

सड़क जाम कर लोगों ने बोतलों में गंदा पानी लेकर किया प्रदर्शन

लखनऊ। नगर निगम के जोन आठ के कुछ इलाकों में घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। इससे आक्रोशित लोगों ने रजनीखंड में जमकर हंगामा किया। जोन अधिकारी मुर्दाबाद के नारे लगाए। दो घंटे तक सड़क जाम कर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इस वजह से उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक आशियाना थाना क्षेत्र स्थित रजनीखंड में शनिवार को स्थानीय निवासियों ने नगर निगम जोन-8 के खिलाफ प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला। कॉलोनीवासियों ने दूषित जलापूर्ति और साफ-सफाई की समस्या को लेकर सड़क जाम कर दी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मौके पर कोई भी निगम अधिकारी नहीं पहुंचा। लोग बोतलों में गंदा पानी लेकर कॉलोनी में प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना था कि घरों में पीने का पानी इतना गंदा आ रहा है कि इसे जानवर भी न पीएं। ऐसे पानी को नगर निगम लोगों को पिला रहा है। बार-बार कहने के बावजूद सीवर लाइन नहीं सही कराई जा रही है। इससे नाराज होकर स्थानीय निवासियों ने नगर आयुक्त को फोन कर समस्या से अवगत कराया। नगर आयुक्त ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद कॉलोनी वासियों ने धरना समाप्त कर दिया और वे अपने घरों को लौट गए। प्रदर्शन में अनुज शुक्ला, चुनमुन शुक्ला, दीपक अग्रवाल, नीतू गुप्ता, राजकुमार, शिमला मिश्रा, रिंकी पटेल, विजय लक्ष्मी सिंह, मंजु कश्यप, सुनीता शुक्ला, महेंद्र गौतम, आशीष द्विवेदी, अंकुर आनंद सहित कई लोग शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post