मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर चोरी, लाखों का सामान ले गए चोर

लखनऊ। अलीगंज थानाक्षेत्र में गल्ला मंडी चौकी से महज 400 मीटर दूर एक मोबाइल की दुकान से चोरों ने 45 लाख का मोबाइल और नगदी पार कर दी। देर रात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और सामान लेकर गायब हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। चोरों ने आने के बाद कैमरे को घुमा दिया था। जानकीपुरम गार्डन निवासी अंशिका गुप्ता पत्नी ऋषभ गुप्ता की पुरनिया तिराहा मान लॉन के सामने अलीगंज में मार्टिन टाउन नाम से मोबाइल की दुकान है। रविवार को दुकान बंद करके अंशिका घर चली गई। देर रात करीब 2:30 बजे तीन अज्ञात चोर बाइक से आए और शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

अंदर रखा 40 से 45 लाख का मोबाइल और 3 लाख 8 हजार की नकदी लेकर फरार हो गए। सोमवार को सुबह करीब 9 बजे अंशिका के पिता दुकान खोलने पहुंचे तब घटना की जानकारी हुई। उन्होंने शटर का ताला टूटा और खुला देखा। शॉप के अंदर से मोबाइल फोन और नगद गायब मिला। जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा है। उसमें एक बाइक से तीन लड़के आते दिखे हैं। दुकान की तरफ आने के बाद तीनों ने कैमरे की डायरेक्शन घुमा दी। इससे कोई उन्हें देख न सके। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से ही आरोपियों की तलाश में लगी है। गल्ला मंडी पुलिस चौकी भी महज 400 मीटर दूरी पर है और दुकान मेन रोड पर होने के बावजूद इतनी बड़ी घटना हुई। जिसने पुलिस की गश्त पर सवाल खड़ा किए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post