लखनऊ । राजधानी के उत्तरी जोन में जानकीपुरम थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हर्ष फायरिंग के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर हर्ष फायरिंग का एक वीडियो वायरल होने की सूचना मिली थी। इस पर जानकीपुरम पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की। जांच में वीडियो में फायरिंग करते दिखाई दे रहे युवकों की पहचान नीरज कुमार रावत (27 वर्ष) और पंकज कुमार (29 वर्ष) निवासी ग्राम तिवारीपुर, थाना जानकीपुरम के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस टीम गांव तिवारीपुर पहुंची और दोनों युवकों से पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति वही हैं। उन्होंने बताया कि वीडियो करीब दो साल पुराना है और हथियारों की सफाई के बाद उन्हें चेक करने के लिए हवाई फायर किया गया था। हालांकि, लोक शांति भंग होने की आशंका और संज्ञेय अपराध की संभावना को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए दोनों को न्यायालय में पेश किया है।पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी थाना जानकीपुरम में मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
Tags
Lucknow
