डिजिटल इंडिया फेल, इस रुट की सभी लाइनें व्यस्त है!

जिला प्रशासन का कहना एप से करें बुकिंग, वाउचर जारी होने पर ही होगी सप्लाई

लखनऊ। गुरूवार गैस सिलेंडर को लेकर तमाम दिक्कते सामने आती रहीं। गैस एजंसियों पर भीड़ नजर आई। लोगों की यही शिकायत रही कि गैस एजन्सियों और कंपनियों के नंबर काम नहीं कर रहे हैं। परेशान लोग एक्स हैंडल पर अधिकारियों और गैस कंपनियों को इसकी शिकायत कर रहे हैं। राजधानी के जानकीपुरम में रहने वाले एक व्यक्ति ने सिलेंडर से भरी गाड़ी का वीडियो बनाते हुए इसकी शिकायत की है। आरोप लगाया कि घरेलू सिलेंडर को दुकानों में बेंचा जा रहा है। गैस डिलीवर करने वाले वीडियो बनता देख भौचक्के से नजर आ रहे हैं। युवक ने शिकायत करने की बात कही।

राजधानी में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर गुरुवार सुबह से ही लोग सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। कपूरथला स्थित अशोक गैस सर्विस समेत कई एजेंसियों पर उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके मोबाइल पर आए ओटीपी लेकर सिलेंडर किसी और को दे दिया जा रहा है। एलपीजी की कमी के चलते कई घरों में चूल्हे नहीं जले। शादी टालनी पड़ी और दुबई की फ्लाइट तक छूट गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, ओटीपी समय पर नहीं पहुंच रहा है और एजेंसी कर्मचारी सहयोग करने के बजाय उन्हें इधर-उधर भटका रहे हैं।

इधर, गुडंबा क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना पर आपूर्ति विभाग और पुलिस टीम ने एक घर पर छापेमारी की। हालांकि, तलाशी के दौरान टीम को वहां से अवैध रिफिलिंग से संबंधित कोई सामग्री नहीं मिली। सिलेंडर की कमी का असर शादी समारोहों पर भी पड़ने लगा है। जयपुर से लखनऊ में आयोजित होने वाली एक शादी को गैस की दिक्कत के कारण टालना पड़ा। महेंद्र मोहन ने बताया कि उनकी बेटी की शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन टेंट और कैटर्स ने गैस सिलेंडर की कमी का हवाला देते हुए व्यवस्था करने से हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद परिवार को मजबूर होकर शादी की तारीख आगे बढ़ानी पड़ी। अब नई तारीख तय होने के बाद ही कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post