सरकार एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने की संभावनाओं पर ध्यान दे : राहुल गांधी
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में ईरान, इजराइल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच जारी युद्ध के कारण उत्पन्न गैस संकट को लेकर गुरुवार को संसद परिसर में विपक्ष ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि देश में रसोई गैस और तेल की किल्लत अभी शुरुआत है और बदलते वैश्विक हालात को देखते हुए सरकार को ऊर्जा उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि देश में एलपीजी और तेल की मौजूदा स्थिति आने वाले समय में और गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को सदन में उठाना चाहते थे, लेकिन नई प्रक्रिया के तहत पहले मंत्री बोलेंगे और फिर उन्हें अवसर मिलेगा। उन्होंने सरकार को सलाह देते हुए कहा कि अभी समय रहते तैयारी करने की जरूरत है, क्योंकि यदि समय पर कदम नहीं उठाए गए तो करोड़ों लोगों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि यह केवल घरेलू आपूर्ति का मामला नहीं है, बल्कि यह भी बड़ा सवाल है कि भविष्य में ईरान भारत को ईंधन उपलब्ध करा पाएगा या नहीं। राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और ऐसे अस्थिर समय में सरकार को अपनी सोच और रणनीति में बदलाव लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि स्पष्ट नीति और तैयारी नहीं होगी तो देश को ऊर्जा संकट का सामना करना पड़ सकता है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि देश के लोग सुरक्षित रहें और भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत बनी रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार विपक्ष की इस चिंता को गंभीरता से लेगी।
उधर गैस संकट के मुद्दे को लेकर संसद भवन परिसर में विपक्षी दलों के 200 से अधिक सांसदों ने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, राजीव शुक्ला और समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव तथा धर्मेंद्र यादव सहित कई सांसद शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने हाथों में पोस्टर और गैस सिलेंडर के कटआउट लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पोस्टरों पर गैस संकट से जुड़ी मांगें लिखी थीं और सरकार से तुरंत समाधान निकालने की मांग की गई। विपक्ष का आरोप है कि युद्ध के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच बजट सत्र के लिए निलंबित विपक्ष के आठ सांसदों ने भी संसद भवन परिसर के मकर द्वार पर गैस संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में राहुल गांधी भी शामिल हुए और सांसदों ने बैनर व पोस्टर लेकर सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की। विपक्ष का कहना है कि यदि स्थिति पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो देश में ऊर्जा संकट और गहरा सकता है।
Tags
National
