किसान के घर से 15 लाख के गहने सहित 75 हजार नगदी चोरी

लखनऊ। सरोजनी नगर इलाके में बीती रात नकाबपोश चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपए के गहने और हजारों की नगदी लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सरोजनी नगर के रनियापुर निवासी किसान उमाशंकर अपनी पत्नी, बहू और बेटे शिव शंकर के साथ रहते हैं। होली के त्योहार के चलते उनकी विवाहित बेटी भी घर आई हुई थी। उमाशंकर के बेटे शिव शंकर के अनुसार, शनिवार रात सभी परिवार के सदस्य खाना खाकर घर में सो गए थे। उमाशंकर मुख्य दरवाजे पर लगे चैनल के पास बाहर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर के बगल वाले चैनल का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

चोरों ने कमरे में रखी अलमारी तोड़ दी और उमाशंकर की पत्नी, बहू और बेटी के लगभग 15 लाख रुपए के गहने तथा 75 हजार रुपए की नगदी चोरी कर ली। रविवार सुबह जब उमाशंकर उठे, तो उन्हें घर के बगल वाले चैनल का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर अलमारी और लॉकर टूटे हुए थे, और सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे गहने और नकदी गायब थे। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच में दो नकाबपोश बदमाश तमंचा और तलवार लिए हुए दिखाई दिए।पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post