सुरंग में फंसा चार साल का मासूम, सुरक्षित निकाला

बरेली। बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक मासूम की जान उस समय खतरे में पड़ गई, जब वह पालतू कुत्ते के पिल्ले को बचाने के लिए संकरी सुरंग में घुस गया और अंदर फंस गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जेसीबी मशीन की मदद से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के सकुशल बाहर आने पर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार बरखन निवासी संतोष पीलीभीत-बरेली बाईपास स्थित गरगईया में शाकिर के गन्ने के कोल्हू पर मजदूरी करते हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं। संतोष ने बताया कि उन्होंने एक कुत्ता पाल रखा है, जिसके दो पिल्ले हैं। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे एक पिल्ला कोल्हू के पास बनी खाली सुरंग में घुस गया।
पिल्ले को निकालने के लिए उनका चार वर्षीय बेटा बिपिन भी उसी संकरी सुरंग में घुस गया, लेकिन अंदर जाकर वह फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। मासूम के सुरंग में फंसने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने फावड़ों और कुदाल से मिट्टी हटाकर बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सुरंग बेहद संकरी होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इस दौरान बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीण उन्हें ढांढ़स बंधाते रहे और बच्चे को सुरक्षित निकालने के प्रयास करते रहे।

जब स्थानीय स्तर पर प्रयास सफल नहीं हुए तो \पास में चल रहे पीलीभीत-बरेली बाईपास के निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन को बुलाया गया। मशीन से सावधानीपूर्वक खुदाई शुरू की गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य में सहयोग किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों और मशीन की मदद से सावधानीपूर्वक खुदाई कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि समय रहते रेस्क्यू शुरू होने से बच्चे को सकुशल बाहर निकालना संभव हो सका।

Post a Comment

Previous Post Next Post