मां-बेटे की हत्या का हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में मां-बेटे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मोहनलालगंज पुलिस और सर्विलांस सेल, जोन-दक्षिणी की संयुक्त टीम ने आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को शिकायतकर्ता, निवासी हरचंदपुर गढ़ी कनौरा मानकनगर (थाना आलमबाग), ने सूचना दी कि उनकी बहन और उनके 18 वर्षीय पुत्र की 9 मार्च की रात करीब 8 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। यह घटना मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के सिसेंडी गांव की है। सूचना के आधार पर थाना मोहनलालगंज में मामला दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गईं। विवेचना, गवाहों के बयान और साक्ष्य संकलन के दौरान स्थानीय निवासी किशन रावत पुत्र राम मिलन निवासी सिसेंडी थाना मोहनलालगंज का नाम सामने आया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक महिला पहले से एक-दूसरे के परिचित थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हुलासखेड़ा से खुजौली की ओर नहर किनारे रास्ते से जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बाजखेड़ा-हुलासखेड़ा ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया, जिससे एक सिपाही घायल हो गया।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी किशन रावत के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रात करीब 10:10 बजे हिरासत में ले लिया और घायल सिपाही तथा आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post