लखनऊ। एलपीजी की बढ़ती किल्लत के बीच केजीएमयू में मेडिकल छात्रों के हॉस्टल की मेस बंद होती जा रही हैं। हॉस्टल्स के प्रोवोस्ट ने हाथ खड़े कर दिए हैं। सरदार पटेल हॉस्टल के प्रोवोस्ट ने चीफ प्रॉक्टर को इसके लिए लेटर भी लिख दिया है। उन्होंने कहा है- 'महोदय, अब आप ही दिशा-निर्देश दीजिए कि क्या किया जाए।' सरदार पटेल हॉस्टल के पर्यवेक्षक ने चीफ प्रॉक्टर को लेटर भेजा है कि गैस न मिलने के कारण उनकी सभी मेस में खाना नहीं बन पा रहा है, जिससे छात्रावास में छात्रों को काफी असुविधा हो रही है। इस स्थिति में चीफ प्रॉक्टर अपने स्तर पर उचित दिशा-निर्देश देने का कष्ट करें। केजीएमयू के करीब 20 हॉस्टलों में रहने वाले लगभग 10 हजार मेडिकोज के सामने भी भोजन का संकट खड़ा हो गया। कई हॉस्टलों की मेस बंद हो रही है, जिससे उन्हें बाहर होटल में महंगा खाना खाने जाना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने अस्थायी तौर पर छात्रों के लिए खिचड़ी बनाने का सुझाव दिया है। गुरुवार से खुले स्थान पर तंदूर लगाकर भोजन बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है।
Tags
Lucknow
