बिजली विभाग की टीमों ने चलाया जांच अभियान, काटा कनेक्शन

लखनऊ। लखनऊ में बिजली विभाग की टीम ने बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चिनहट-लौलई, अमराई गांव में सघन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 12 स्थानों पर विद्युत चोरी करते हुए उपभोक्ता पाए गए, जिन पर लगभग 25 किलोवाट का अवैध विद्युत लोड पाया गया। विभागीय टीम द्वारा मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा नियमानुसार अर्थदंड भी लगाया जाएगा।

यह चेकिंग अभियान अधिशासी अभियंता (EE) चन्द्रशेखर के निर्देशन में चलाया गया। अभियान में उपखंड अधिकारी (SDO) राजीव रंजन राय, निरीक्षक विजय सिंह तथा अवर अभियंता (JE)  आशुतोष माथुर सहित विभागीय कर्मचारियों की टीम मौजूद रही। विद्युत विभाग ने क्षेत्र के समस्त उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे विद्युत का उपयोग केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से ही करें। विद्युत चोरी एक दंडनीय अपराध है, जिसके लिए आर्थिक दंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। विद्युत विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे, ताकि विद्युत व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post