फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
बाराबंकी। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में खेत में बकरियां घुसने को लेकर हुए विवाद में घायल 45 वर्षीय सतीश वर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई। उनका इलाज लखनऊ के ट्रामा सेंटर में चल रहा था, जहां बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। यह घटना मंगलवार शाम ग्राम बरोलिया में हुई थी। जानकारी के अनुसार, खेत में बकरियां घुसने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। यह विवाद जल्द ही बढ़ गया और एक पक्ष के कई लोगों ने सतीश वर्मा पर धारदार हथियार, ईंट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मदद से सतीश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेजा गया था। घायल सतीश की पत्नी पुष्पा वर्मा ने गांव के कुछ लोगों पर सुनियोजित तरीके से हमला करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
बुधवार सुबह सतीश की मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव बढ़ गया। एहतियात के तौर पर गांव और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ फतेहपुर जगत राम कनौजिया ने बताया कि इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Tags
Barabanki
