बंद मकान में 10 लाख की चोरी

परिवार होली में घर गए थे, सीसीटीवी में दिखा चोर

लखनऊ। गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर घर में रखे 10 लाख के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। परिवार होली में पैतृक घर गया था। जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। विष्णुपुरी कॉलोनी खरगापुर निवासी दिलीप चंद्र गुप्ता टाटा हाउसिंग में सेल्स मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि 3 मार्च को वह अपने परिवार के साथ होली की छुट्टी की वजह से दोपहर करीब 1:30 बजे अपने पैतृक घर सुल्तानपुर के नवीपुर मोहल्ला चले गए थे। 5 मार्च की सुबह करीब 9 बजे जब वह वापस अपने घर लौटे तो मुख्य गेट और अंदर का दरवाजा टूटा हुआ मिला।

घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी भी टूटी हुई थी। अलमारी की तिजोरी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोर घर से सोने की कमर पेटी, तीन अंगूठियां (एक जेंट्स और दो लेडीज), कान की तीन जोड़ी झुमकी, मंगलसूत्र, नाक की नथिया, चांदी की पायल, बिछिया, बच्चे का कड़ा, चांदी की चेन और कंगन समेत अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित के मुताबिक घर में रखे अन्य सामान को नहीं छुआ गया और केवल जेवरात ही चोरी किए गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post