प्रेम विवाह के विरोध में इंजीनियर बेटे ने जुड़वां बहन की कर दी हत्या

मां पर भी किया जानलेवा हमला

मुरादाबाद। रंगों और खुशियों के पर्व होली पर मुरादाबाद में एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। जिस घर में होली की खुशियां मनाने के लिए भाई-बहन गुरुग्राम से लौटे थे, वहीं कुछ ही घंटों बाद खून से सनी एक भयावह कहानी सामने आई। इंजीनियर बेटे ने अपनी ही जुड़वां बहन को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया और मां पर भी जानलेवा हमला कर फरार हो गया। मृतका हिमशिखा (25) गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थी और साथ-साथ एमबीए की पढ़ाई भी कर रही थी। वहीं उसका जुड़वां भाई हार्दिक (25) बीटेक करने के बाद पहले गूगल में नौकरी करता था, लेकिन करीब एक साल पहले उसने नौकरी छोड़कर यूट्यूब चैनल शुरू कर दिया था।बताया जा रहा है कि दोनों भाई-बहन तीन मार्च को होली मनाने के लिए मुरादाबाद स्थित अपने घर आए थे। शुक्रवार को दोनों को वापस गुरुग्राम लौटना था, लेकिन उससे पहले ही परिवार में ऐसा विवाद हुआ जिसने पूरे परिवार को तबाह कर दिया।

मां नीलिमा के अनुसार, वह रोज की तरह अपने ऑफिस गई थीं। इसी दौरान घर में मौजूद हार्दिक ने अपनी जुड़वां बहन हिमशिखा पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। उसने गर्दन, चेहरे और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को कंबल में लपेट दिया और घर का गेट बाहर से बंद कर दिया। हत्या के बाद हार्दिक अपनी मां के ऑफिस पहुंचा और उन्हें बहाने से घर ले आया। उसने कहा कि उन्हें तुरंत हरियाणा वापस जाना है, इसलिए घर चलना होगा। मां जैसे ही घर पहुंचीं और आंगन में कंबल में लिपटा बेटी का शव देखा तो उनकी चीख निकल गई।बताया जाता है कि इसी दौरान हार्दिक ने अपनी मां पर भी चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी घर के बाहर खड़ी कार में बैठकर फरार हो गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हार्दिक पुणे निवासी दूसरे समुदाय की एक युवती से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। लेकिन उसकी मां और बहन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर वह काफी समय से नाराज चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने हिमशिखा को मृत घोषित कर दिया।एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि आरोपी कार से दिल्ली की ओर भागा है। अमरोहा के जोया टोल और गढ़मुक्तेश्वर टोल तक उसकी लोकेशन मिली, लेकिन उसके बाद उसका पता नहीं चल सका है।होली के त्योहार पर हुई इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल एक परिवार को बर्बाद कर दिया, बल्कि पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post