तेज आंधी से उखड़े पेड़, कार हुई क्षतिग्रस्त, कई कॉलोनियों की बिजली गुल

लखनऊ। मंगलवार शाम को धूल भरी आंधी चली। सरोजनी नगर, कृष्णा नगर और गोमती नगर में हल्की बारिश भी हुई। गोमती नगर में एक पेड़ उखड़कर कार पर गिर गया। गोपालखेड़ा में पेड़ गिरने से कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। इससे पहले दाेपहर को बादलों की आवाजाही के बीच तेज धूप निकली। मौसम विभाग की तरफ से बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया था। यह सामान्य तापमान की तुलना में 3.8 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान की तुलना में 2.1 डिग्री कम रहा। अधिकतम आर्द्रता 79 फीसदी न्यूनतम आर्द्रता 24 फीसदी दर्ज की गई।

गोमती नगर स्थित लोहिया पार्क पावर हाउस के सामने एक बड़ा हादसा होने से टल गया। आंधी से एक पेड़ उखड़ कर कार पर गिर गया। घटना के समय गाड़ी में कोई सवारी बैठी नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। गोमती नगर थाना SI अंतिम कुमार सिंह और उपनिरीक्षक विनीत शर्मा ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क से पेड़ हटाया। इस दौरान करीब 20 मिनट तक रोड की एक लेन पर यातायात बाधित रहा। रायबरेली रोड पर गोपालखेड़ा पुल के पास एक पेड़ गिर गया। गनीमत रही पेड़ की चपेट में कोई वाहन नहीं आया।

आंधी के चलते गोमती नगर के विकल्प खंड, विजयंत खंड, विभव खंड और विक्रांत खंड में करीब आधे घंटे तक बिजली बंद रही। इस दौरान कई जगह बिजली लाइन में फॉल्ट आ गई, जिससे जल्द ठीक कर बिजली सुचारू की गई। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तीन दिनों 7, 8 और 9 अप्रैल के दौरान एक बार फिर बेमौसम तूफानी बारिश और तेज हवाओं का नया दौर आने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 7 अप्रैल से प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में दाखिल होगा।

8 अप्रैल को यह पूरे प्रदेश को प्रभावित करेगा और 9 अप्रैल तक कमजोर पड़ने लगेगा। इसके चलते तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। 10 अप्रैल से मौसम साफ और शुष्क होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post