लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, मेरठ और अम्बेडकरनगर की कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। तीनों जिलों में कचहरी परिसरों को खाली कराकर बम निरोधक दस्तों और डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। लखनऊ में जिला न्यायालय को मिली धमकी के बाद वजीरगंज थाना पुलिस और बीडीएस टीम ने पूरे परिसर की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी यहां धमकी मिल चुकी है। मेरठ में फोन कॉल के जरिए कचहरी को उड़ाने की धमकी दी गई, जिसके बाद अदालत परिसर को खाली कराकर प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
पुलिस ने सर्विलांस के जरिए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अम्बेडकरनगर में कोर्ट के आधिकारिक ईमेल पर धमकी मिली। इसके बाद पुलिस ने पूरे परिसर, अधिवक्ता चैंबरों और आसपास खड़े वाहनों की जांच की। अधिकारियों के अनुसार जांच में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला और परिसर सुरक्षित है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है, वहीं साइबर सेल और पुलिस टीमें धमकी देने वालों की पहचान में जुटी हैं।
Tags
Lucknow
