विज्ञान फाउंडेशन के सहयोग से आंगनबाड़ी केंद्र पर मनाया गया पोषण दिवस

लखनऊ। हैदरगंज द्वितीय वार्ड के अंतर्गत पूर्वीदीन खेड़ा क्षेत्र स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर विज्ञान फाउंडेशन के सहयोग से पोषण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को संतुलित आहार, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में करीब 55 लोगों ने प्रतिभाग किया और बेहतर स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार को दैनिक जीवन में शामिल करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमिला देवी ने बताया कि महिलाओं और किशोरियों ने फल एवं सब्जियों से पोषण रंगोली तैयार की। इसके साथ ही पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित पोस्टर प्रदर्शित किए गए। बच्चों को चार्ट पेपर पर बने फल-सब्जियों के चित्र दिए गए, जिनमें उन्होंने रंग भरकर प्रतिभाग किया और पुरस्कार प्राप्त किए। कार्यक्रम में ‘पोषण का पेड़’ गतिविधि भी आयोजित की गई। इसमें महिलाओं ने सूखे पेड़ को पोषक खाद्य पदार्थों से संबंधित पत्तियों से सजाया। एक अन्य गतिविधि के माध्यम से महिलाओं ने पौष्टिक और कम पौष्टिक खाद्य पदार्थों की पहचान कर उन्हें अलग-अलग वर्गों में रखा।

विज्ञान फाउंडेशन के पीयर लीडर आश्विन यादव ने महिलाओं और किशोरियों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित रूप से पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गुड़-चना, पालक, गाजर, अंडा, पनीर और चुकंदर जैसे पोषक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही बच्चों के लिए इन खाद्य पदार्थों से स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन तैयार करने के आसान तरीकों की जानकारी भी दी गई, ताकि परिवार की भोजन की थाली को अधिक पौष्टिक बनाया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान आशा कार्यकर्ता संगीता द्वारा महिलाओं और किशोरियों को आयरन, कैल्शियम एवं पैरासिटामोल की गोलियां वितरित की गईं। बच्चों को पैरासिटामोल, एल्बेंडाजोल, एंटीबायोटिक सिरप और ओआरएस के पैकेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post