अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय अमावा में योग शिविर का आयोजन

निंदूरा, बाराबंकी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय अमावा, विकास खंड निंदूरा, जनपद बाराबंकी में एक योग शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। योग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा मानसिक तनाव और चिंता से मुक्ति मिलती है।

इस अवसर पर डीएचओ ममता सचान एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शबनम बाला की विशेष भूमिका रही। उन्होंने योग दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का सबसे प्रभावी माध्यम है। नियमित योग करने से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनता है।

कार्यक्रम में आउटसोर्सिंग कर्मचारी नरेंद्र कुमार यादव, ग्राम प्रधान गीता रावत, जगमोहन, राम प्रताप एवं सुरेश कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया तथा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। उपस्थित लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post