ऑनलाइन फ्रॉड में ठगे गए ₹1.90 लाख पुलिस ने कराए वापस

साइबर टीम की तत्परता से मिली पीड़ित को राहत

लखनऊ। थाना गाजीपुर पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के ठगे गए ₹1.90 लाख की पूरी धनराशि वापस उसके बैंक खाते में कराने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई पर पीड़ित ने लखनऊ पुलिस और साइबर टीम का आभार जताया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदिरानगर निवासी अमित मिश्रा ने 25 फरवरी 2026 को थाना गाजीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके बंधन बैंक खाते से ₹1,90,000 स्थानांतरित कर लिए। मामले में पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ मुकदमा अपराध संख्या 74/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

विवेचना के दौरान साइबर टीम ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम का इस्तेमाल HDFC Bank Credit Card के बिल के भुगतान में किया गया था। साइबर टीम ने संबंधित बैंकिंग लेनदेन को ट्रेस करते हुए लगातार समन्वय किया और पूरी ₹1.90 लाख की धनराशि पीड़ित के बंधन बैंक खाते में वापस करा दी।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पूर्वी के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी एवं सहायक पुलिस आयुक्त गाजीपुर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई करने वाली साइबर टीम में उपनिरीक्षक राकेश वर्मा, उपनिरीक्षक अभिषेक वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक/कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-‘B’ आमिर अली खान और कांस्टेबल गौरव शर्मा शामिल रहे।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं और संबंधित बैंक को भी सूचना दें। समय रहते शिकायत मिलने पर ठगी की रकम को ट्रेस कर वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post