लखनऊ और बरेली के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, पुराने EESL मीटरों की जगह लगेंगे आधुनिक स्मार्ट मीटर

नेटवर्क और बिलिंग की समस्या होगी दूर, उपभोक्ताओं के घर मुफ्त में लगाए जा रहे नए पोस्टपेड स्मार्ट मीटर

लखनऊ। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) ने लखनऊ और बरेली के बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पुराने स्मार्ट मीटरों को बदलने का अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत कुछ वर्ष पहले लगाए गए एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (EESL) के पुराने स्मार्ट मीटरों को हटाकर उनकी जगह आधुनिक पोस्टपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। नए मीटर उपभोक्ताओं के घरों में बिल्कुल निःशुल्क लगाए जा रहे हैं।

विभाग के अनुसार, पुराने EESL के स्मार्ट मीटरों में नेटवर्क कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही थीं। इसके कारण मीटर से डेटा समय पर प्राप्त नहीं हो पाने से बिलिंग में देरी सहित उपभोक्ताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इन समस्याओं को दूर करने के लिए रिवैम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत आधुनिक स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।

लखनऊ के चार प्रमुख जोन में बदले जा रहे मीटर : अभियान के तहत लखनऊ के चार प्रमुख क्षेत्रों में पुराने मीटरों को बदला जा रहा है। इनमें लखनऊ सेंट्रल, गोमतीनगर, जानकीपुरम और अमौसी जोन शामिल हैं। इसके अलावा बरेली शहर के निर्धारित एवं लक्षित क्षेत्रों में भी पुराने मीटरों को बदलने का काम किया जा रहा है।

समय पर मिलेगा बिजली का बिल: नए स्मार्ट मीटर बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी के साथ काम करेंगे। इससे मीटर से बिजली खपत का डेटा समय पर उपलब्ध होगा और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली का बिल मिलने में सुविधा होगी। बिलिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने में भी मदद मिलेगी।

मीटर रीडर पर निर्भरता होगी खत्म: आधुनिक स्मार्ट मीटर में बिजली की खपत का डेटा डिजिटल माध्यम से स्वतः भेजा जाता है। ऐसे में मीटर की रीडिंग लेने के लिए मीटर रीडर के घर आने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे मैनुअल रीडिंग से होने वाली त्रुटियों और गलत बिल की संभावना को कम किया जा सकेगा।

मोबाइल से बिजली खपत की निगरानी: नए स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत पर बेहतर निगरानी की सुविधा देंगे। मोबाइल ऐप के माध्यम से उपभोक्ता अपनी बिजली की खपत और संबंधित जानकारी को डिजिटल रूप से देख सकेंगे। इससे उपभोक्ताओं में बिजली बचत के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

बिल भुगतान के बाद रिमोटली बहाल हो सकेगी बिजली: आधुनिक स्मार्ट मीटर की एक प्रमुख सुविधा रिमोट कनेक्टिविटी है। इसके माध्यम से नए कनेक्शन को शुरू करने तथा भुगतान के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने जैसी प्रक्रियाओं को दूरस्थ रूप से संचालित किया जा सकेगा। इससे उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और सेवाएं अधिक तेज एवं सुविधाजनक बनेंगी।

सोलर रूफटॉप उपभोक्ताओं को भी मिलेगा फायदा: आधुनिक स्मार्ट मीटर सोलर रूफटॉप उपभोक्ताओं के लिए भी उपयोगी साबित होंगे। इन मीटरों में दोनों दिशाओं से (bi-directional) बिजली प्रवाह को रिकॉर्ड करने की क्षमता होने के कारण सोलर से संबंधित ऊर्जा के आयात-निर्यात का आकलन किया जा सकता है। इससे सोलर रूफटॉप उपभोक्ताओं के लिए मीटरिंग व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। यह दावा किया जा रहा है कि नए स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिलिंग, बिजली खपत की निगरानी और सेवा संबंधी कई प्रक्रियाएं पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post