मालिक और चालक से मारपीट कर लूटे थे 17 हजार रुपये, मोबाइल और स्कॉर्पियो की चाबी
लखनऊ। गाजीपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में धावा बोलकर मालिक और उनके चालक से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गाजीपुर पुलिस ने रविवार को मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के कब्जे से लूट की रकम में से 500 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गोंडा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र निवासी और वर्तमान में इंदिरा नगर के कैलास कुंज में रहने वाले श्याम जी सिंह पुत्र राजेश सिंह का इंदिरा नगर में रेस्टोरेंट है। पीडि़त ने दो अक्टूबर 2026 को गाजीपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि कुछ बदमाश रेस्टोरेंट में घुस आए और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके और चालक के साथ मारपीट की।
पीडि़त के अनुसार, बदमाश दो मोबाइल फोन, स्कॉर्पियो वाहन की चाबी और 17 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।
इंस्पेक्टर गाजीपुर के मुताबिक रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद आरोपी बंधा रोड स्थित कल्याण अपार्टमेंट के पास मौजूद हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक नवनीत कुमार, उपनिरीक्षक सूरज कांत पांडेय, कांस्टेबल अंकित मिश्रा और कांस्टेबल यतेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शादाब गाजी पुत्र स्व. मोहम्मद इस्लाम (21) निवासी उमरिया, थाना इटौंजा, हाल पता इंदिरा नगर तथा फहीम पुत्र मोहम्मद यूसुफ (23) निवासी नयापुरवा, कुर्सी रोड, बाराबंकी, हाल पता राजीव नगर कॉलोनी, गुडंबा बताया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
Tags
Lucknow
