कार सवार की लापरवाही से बाइक सवार छात्र चोटिल

बाराबंकी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक छात्र को हाईवे पर कार सवारों की लापरवाही भारी पड़ गई। सफेदाबाद क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से बाइक सवार छात्र उससे टकराकर सड़क पर गिर गया। हादसे में छात्र के हाथ में फ्रैक्चर समेत कई गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार जैदपुर थाना क्षेत्र के बीबीपुर निवासी देवेन्द्र सिंह पुत्र अरुण कुमार लखनऊ में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। वह परास्नातक हैं और दो बार आईएएस प्रारंभिक परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं। बताया जाता है कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह अपनी प्लैटिना मोटरसाइकिल से लखनऊ जा रहे थे।

इसी दौरान कोतवाली नगर क्षेत्र में सफेदाबाद पुल से पहले अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़ी एक सोनेट कार का सड़क की तरफ वाला दरवाजा अचानक कार सवार युवक ने खोल दिया। सामने से गुजर रहे देवेन्द्र को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी बाइक खुले दरवाजे से जा टकराई। टक्कर के बाद वह बाइक समेत सड़क पर गिरकर काफी दूर तक घिसटते चले गए।

हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसके हाथ में फ्रैक्चर के साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें बताईं। हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद छात्र के परिजनों और परिचितों में चिंता का माहौल है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे देवेन्द्र के लिए यह दुर्घटना बड़ी परेशानी बन गई है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सड़क किनारे वाहन खड़ा करने और बिना सावधानी दरवाजा खोलने जैसी लापरवाही पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post