- गांव करीब होने पर फंसने के डर से महिला के इलाज का दिया आश्वासन
- गांव से दूर निकलते ही साथियों के साथ मिलकर पीडि़त महिला और उसके पति की कर दी पिटाई
बाराबंकी। सोमवार सांय 5 बजे उजरवारा गांव के पास तेज रफ्तार ऑटो चालक ने महिला को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से महिला के सिर से खून निगलने लगा। गांव करीब होने की वजह से ऑटो चालक महिला के इलाज के लिए तैयार हो गया। इलाज के लिए ऑटो मे बैठाकर सुढिय़ामऊ ले गया जहां डॉक्टर ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए महिला को फतेहपुर अस्पताल ले जाने को बोला। वापस फतेहपुर अस्पताल ले जाते समय ऑटो चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला और साथ में बैठे उसके पति की जमकर पिटाई कर दी।प्राप्त जानकारी अनुसार थाना फतेहपुर क्षेत्र के उजरवारा गांव की रहने वाली महिला रेनू देवी अपने खेत से काम करके लौट रही थीं। लौटते समय जब वह अपने गांव के करीब पहुंची तभी तेज रफ्तार से आ रहे ऑटो संख्या-यू.पी.-41 सी.टी.-0737 ने महिला को जोरदार टक्कर मारी दी। टक्कर लगने से महिला के सिर से खून बहने लगा। पीड़त महिला के साथ मौजूद महिला ने बताया ऑटो चालक नशे में धुत था और काफी तेज रफ्तार से ऑटो चला रहा था। टक्कर लगने के बाद ऑटो चालक भागने लगा तभी साथ में मौजूद महिला ने ऑटो चालक को पकड़ लिया। वहां पास में पेट्रोल टंकी पर मौजूद लोग भी घटना स्थल पर पहुंच गए और महिला के इलाज के लिए दबाव बनाया। अपने को फंसता देख ऑटो चालक महिला का इलाज कराने के लिए तैयार हो गया। स्थानीय लोगों ने इस बात पर महिला को उसके पति के साथ उसी के ऑटो में बैठाकर इलाज के लिए भेज दिया। इलाज के लिए सुढिय़ामऊ पहुंचे जहां डॉक्टर ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए फतेहपुर अस्पताल जाने के लिए बोला। इसपर महिला और उसके पति को लेकर ऑटो चालक फतेहपुर सामुदायिक चिकित्सालय आ रहा था। तभी रास्ते में आते समय ऑटो रिक्शा चालक के साथी जो तीन मोटरसाइकिल से आए जिसमें एक महिला भी शामिल थी। उन सभी लोगों ने महिला और उसके पति के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। यह देख आस पास लोग दोड़े जिन्हें देख ऑटो चालक के साथी मौके से फरार हो गए। पीडि़ता के साथ मौजूद महिला ने ऑटो से उसकी चाबी निकाल ली और ऑटो चालक को गांव के लोगों के साथ थाना फतेहपुर ले गए। जहां महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा दिया गया।
थाना प्रभारी फतेहपुर ने बताया प्रकरण संज्ञान में आया है महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया गया, आरोपी की तलाश जारी है।
Tags
Barabanki