लखनऊ। गोमती तटबंध स्थित बाबा लोधेश्वर धाम मंदिर में बाबा की प्राण-प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ अर्जित किया। यह भंडारा हनुमान सेतु पार्किंग के नीचे, पुराने हनुमान मंदिर के सामने आयोजित किया गया, जहां दोपहर 12 बजे से शुरू होकर कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा। आयोजन स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली और पूरे वातावरण में भक्ति एवं श्रद्धा का माहौल बना रहा।
इस आयोजन के मुख्य निवेदक डा० एस.एन. शंखवार (निदेशक, आई.एम.एस., बीएचयू, वाराणसी) एवं शिव प्रताप सिंह (शिवभक्त एवं समाजसेवी) रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता और सद्भावना को बढ़ावा मिलता है। भंडारे में आए श्रद्धालुओं ने बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में कई समाजसेवियों और स्थानीय लोगों का विशेष योगदान रहा।
Tags
Lucknow
