लखनऊ। ग्राम नंदना, बीकेटी (बख्शी का तालाब), लखनऊ स्थित बख्शी का तालाब इंटर कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता श्री सनेही राम शर्मा के 85 वर्ष की आयु पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनके शिष्यों द्वारा एक भावपूर्ण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
वर्ष 2008 में सेवा निवृत्त हुए श्री शर्मा ने अपने शिक्षकीय जीवन में हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाया। समारोह में उनके शिष्य श्री राम सेवक यादव (पूर्व प्रधानाध्यापक), श्री राम प्रकाश यादव (लेखा अधिकारी) तथा श्री कन्हैया लाल गौतम (अधिवक्ता) सहित अन्य शिष्य उपस्थित रहे। शिष्यों ने अपने गुरुजी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों ने उनके जीवन को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें गुरुजी की शिक्षा और प्रेरणा का विशेष योगदान है।
इस अवसर पर गुरुजी को अंगवस्त्र, पुष्पमालाएं, भारत का संविधान तथा मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम के अंत में पूज्य गुरुजी ने अपने सभी शिष्यों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा स्नेह और शुभकामनाएं प्रदान कीं। समारोह का वातावरण गुरु-शिष्य परंपरा के आदर्श मूल्यों और भावनात्मक जुड़ाव से ओतप्रोत रहा।
Tags
Lucknow
