यूपी की नौकरशाही अब 'पॉलिसी पैरालिसिस' की शिकार नहीं: सीएम योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की नौकरशाही अब 'पॉलिसी पैरालिसिस' की शिकार नहीं है, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी गति से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की आधारशिला उत्तर प्रदेश बनेगा और इसके लिए हर गांव, कस्बे और वार्ड को आत्मनिर्भर बनाना होगा।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के 464 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने अत्याधुनिक नए परिसर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेतृत्व केवल विजन देता है, जबकि उसे धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी प्रशासनिक मशीनरी की होती है। इसलिए प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और सकारात्मक कार्यसंस्कृति बेहद आवश्यक है।

सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा, सुशासन, क्राउड मैनेजमेंट, तकनीक आधारित प्रशासन और विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश को कोई भी 'बीमारू राज्य' नहीं कह सकता।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मिशन कर्मयोगी के तहत आई-गॉट (iGOT) प्लेटफॉर्म पर क्षमता निर्माण के मामले में उत्तर प्रदेश अब देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को 98 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए, जिनके आधार पर विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व मुख्य सचिव और प्रशिक्षु अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post