ECCE अभियान को लेकर राज्यस्तरीय बैठक संपन्न

लखनऊ। उत्तर प्रदेश फोर्सेस (UP FORCES) द्वारा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा (ECCE) के मुद्दे पर राज्य-स्तरीय परामर्श एवं अभियानों की रणनीतिक योजना तैयार करने हेतु दो दिवसीय बैठक का आयोजन लखनऊ के होटल बेबियन में किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) जिया श्याम मौर्य द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा के मुद्दे पर राज्य स्तरीय नेटवर्क के प्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक योजना तैयार करना था, जिसमंो 45 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में उत्तर प्रदेश फोर्सेस द्वारा राज्य के 9 जिलों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों की वास्तविक स्थिति और 'प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा' पर किए गए विस्तृत अध्ययन का प्रस्तुतीकरण किया गया। इस प्रस्तुति में बताया गया कि प्रदेश में आंगनवाड़ी केंद्रों की वर्तमान स्थिति क्या है, नेटवर्क की जिम्मेदारी कहाँ-कहाँ है और किन मुद्दों पर सरकार के समक्ष बात करने की आवश्यकता है, जिससे बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा पंचायती राज विभाग के संयुक्त प्रयासों से बच्चों का सर्वांगीण विकास किया जा सके।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी जिया श्याम मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश फोर्सेस द्वारा सभी संस्थाओं को बच्चों के मुद्दों पर एक साथ लाकर योजना बनाना एक अच्छी पहल है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि वे ग्राम पंचायतों के साथ 'पंचायत विकास योजना' में बाल विकास परियोजना विभाग के लोगों को शामिल कर पंचायतों का प्लान तैयार करवाएं। वहीं, राजदेव चतुर्वेदी ने ECCE के मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से अपनी बात रखी।

कार्यक्रम में नेशनल फोर्सेस के भूपेंद्र शांडिल्य ने बताया कि हमारा मुख्य प्लान इस अध्ययन रिपोर्ट में आई सिफारिशों को लेकर सरकार एवं ICDS विभाग से वार्ता करना रहेगा। इसी क्रम में रामायण यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है, लेकिन यह विषय सोचने वाला भी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 6 वर्ष की आयु तक बच्चे का 80 प्रतिशत मानसिक विकास हो जाता है। यदि इस समय बच्चे को सही पोषण, सुरक्षा और उचित देखभाल नहीं मिली, तो उसके विकास में बाधा पड़ सकती है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में जे० पी० शर्मा, विनोद सिन्हा, नेशनल फोर्सेस के भूपेंद्र शांडिल्य, राजदेव चतुर्वेदी, मनीष कुमार सिंह और कंसल्टेंट रिजवाना सहित कई अन्य गणमान्य लोग व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post