लोगों की गृहस्थी जलकर राख हुई, 8 घर जले
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर पराली जलाने से भीषण आग लग गई। गांव के पूर्व प्रधान बृजेश सिंह और उनके भाई शेरू द्वारा गेहूं की पराली जलाने से यह हादसा हुआ। पराली से आग पास के बांस के पेड़ों तक पहुंच गई। तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और गांव तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और बीकेटी फायर कंट्रोल को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान कोई भी राजस्व कर्मी, तहसील अधिकारी या लेखपाल मौके पर नहीं पहुंचे, आग में 8 घर जल गए। राज किशलेई को सबसे अधिक साढ़े चार लाख रुपए का नुकसान हुआ। छुटकन का 3 लाख रुपए का घरेलू सामान जला। संदीप का ढाई लाख रुपए का नुकसान हुआ। जगदीश और कीढा प्रसाद का डेढ़-डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ। शिवकुमार और पुत्तू का एक-एक लाख रुपए का नुकसान हुआ। रामपाल को भी डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले साल भी पूर्व प्रधान ने ऐसा ही किया था। तब ग्रामीणों की सतर्कता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया था। पीड़ित परिवार के पास खाने के लिए अनाज तक नहीं बचा है।
Tags
Lucknow