आतंकवाद का निर्णायक जवाब देने में भारत पूरी तरह सक्षम: राजनाथ

  • झूलेलाल वाटिका की जनसभा में बोले रक्षामंत्री, लखनऊ-सीतापुर हाईवे को सिक्स लेन करने की बात कही

लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि भारत अब आतंकवाद के खिलाफ कड़ा और निर्णायक जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल, जिसका निर्माण अब लखनऊ में भी किया जा रहा है जो देश की सैन्य शक्ति को और मजबूत बना रहा है। रक्षामंत्री ने लखनऊ के झूलेलाल वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ भारत की जवाबी कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अब भारत पर हमला करना आसान नहीं है। यदि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने दोबारा ऐसी हरकत करने की कोशिश की तो उन्हें इतना कड़ा जवाब मिलेगा कि वे भारत पर हमला करने से पहले सौ बार सोचेंगे। भारत के जवाबी हमले इतने प्रभावी होंगे कि आतंकवादी उससे कभी उबर नहीं पाएंगे।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने घोषणा की कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण अगले माह किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन और तेज व सुगम होगा। उन्होंने योगी आदित्यनाथ की सिंगापुर और जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि शुरूआत में उन्हें आशंका थी कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा कहीं स्थगित न हो जाए, लेकिन मुख्यमंत्री ने विदेश दौरा किया और भारतीय वेशभूषा तथा खान-पान के साथ प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आया है। रक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में सड़क अवसंरचना को और मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। लखनऊ -सीतापुर हाईवे को सिक्स लेन किए जाने की दिशा में कार्य जारी है, वहीं उसके अपग्रेडेशन की भी योजना है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग को आगे चलकर लखनऊ -वाराणसी कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के विभिन्न शहरों के बीच संपर्क और बेहतर होगा। इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, काबीना मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्यसभा सांसद डा. दिनेश शर्मा, विधायकगण डा. नीरज बोरा, जयदेवी कौशल, योगेश शुक्ल, अमरेश कुमार, ओपी श्रीवास्तव व लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी व महापौर सुषमा खर्कवाल सहित अन्य विशिष्टजन मौजूद रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊवासियों को अनमोल उपहार दिया है। राजधानी के लोगों को 1519 करोड़ रुपये की लागत वाले ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे चरण का लोकार्पण किया। यातायात व्यवस्था को और सुगम बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तीसरे व चौथे चरण का शिलान्यास किया। तीसरे चरण के अंतर्गत समतामूलक चौक से शहीद पथ व चौथे चरण के अंतर्गत शहीद पथ से किसान पथ तक का निर्माण होगा।

सीएम योगी ने कहा कि अटल जी के विजन को जमीनी धरातल पर उतारने का कार्य प्रधानमंत्री व रक्षामंत्री के मार्गदर्शन में हम सब प्रदेश भर में लागू कर रहे हैं। प्रदेश की राजधानी का स्वरूप कैसा होना चाहिए,लोगों का जीवन सुगम कैसे बने,सरलतापूर्वक लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में कैसे मदद मिले, यह सभी कार्यक्रम प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि हमने रक्षामंत्री के विजन को लखनऊ विकास प्राधिकरण को सौंपा। मैं लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम को धन्यवाद दूंगा जिन्हें हमने शासन से धनराशि नहीं दी थी, बल्कि उन्होंने शासन की जिस भूमि पर कब्जा हुआ था, उस कब्जे को मुक्त करते हुए उससे पैसा बनाया और अब 1618 करोड़ की लागत को अपने हाथ में लेकर लखनऊ की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने का काम किया है। इसके पहले 02 फेज आज समर्पित किये जा रहे हैं। योगी ने कहा कि किसी राज्य की राजधानी कैसी होनी चाहिए, आज हमारा लखनऊ उसका एक बेहतरीन उदाहरण बना है।

आज लखनऊ में देश और दुनिया के तमाम अतिथि आते हैं, वे बोलते हैं कि लखनऊ अच्छा शहर है। वे अब कहते हैं कि लखनऊ में साफ-सफाई है। लखनऊ ने कुछ नया करके दिखाया है और वास्तव में अब मुस्कराइए कि आप लखनऊ में हैं, इसका एक प्रतीक बन चुका है। आने वाले समय में आईआईएम रोड से पक्का पुल (डालीगंज) व समतामूलक चौराहा होते हुए पिपराघाट, शहीद पथ और आगे किसान पथ तक करीब 28 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर तैयार होगा, जो लखनऊ की लाइफलाइन बनकर शहरवासियों के लंबे समय से देखे जा रहे सपने को साकार करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post