तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से किसान की मौत, चालक गिरफ्तार

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम ब्रह्मनान में शुक्रवार की रात सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात लगभग 9 बजे ग्राम निवासी राजेन्द्र सिंह पुत्र विजय बहादुर सिंह अपने खेतों से घर जा रहे थे। जैसे ही वह कटहारा चौराहा के पास पहुँचे, तभी अयाना की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने विपरीत दिशा से आकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अयाना ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिचोली सौ शैय्या अस्पताल रेफर कर दिया। वहाँ पहुँचने पर डॉक्टरों ने राजेन्द्र सिंह को मृत घोषित कर दिया।

सूचना पाकर अयाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई सुरेन्द्र सिंह की तहरीर पर थाना अयाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे में शामिल बाइक चालक बोनू सिंह पुत्र राजवीर निवासी हतौली खुर्द, जिला फिरोजाबाद बताया गया है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई तहरीर के आधार पर की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post