शादी का नाटक, देह का शोषण और फिर बेआबरू कर सड़क पर छोड़ी गई युवती
खजनी (गोरखपुर)। खजनी थाना क्षेत्र से सामने आया यह मामला सिर्फ एक युवती के साथ हुई बेवफाई नहीं, बल्कि समाज, रिश्तों और भरोसे पर किया गया सीधा हमला है। प्यार, विवाह और सम्मान का सपना दिखाकर एक युवक ने युवती को इस कदर छल लिया कि आज वह इंसाफ के लिए थाने की चौखट पर आंसुओं की धार बहा रही है।शादी का ढोंग, भरोसे की बलि : पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक ने पहले प्रेम का जाल बिछाया, फिर मंदिर में शादी कर उसे अपने नाम का ‘पत्नी’ होने का विश्वास दिलाया। विवाह के तुरंत बाद युवती को होटल ले जाया गया, जहां दो दिनों तक पति-पत्नी के रूप में साथ रखकर शारीरिक संबंध बनाए गए। लेकिन जैसे ही युवक की मंशा पूरी हुई, उसने रिश्ते से मुंह मोड़ लिया और युवती को अकेला छोड़कर फरार हो गया।
परिवार ने भी झाड़ा पल्ला: जब युवती और उसके परिजनों ने युवक के घर पहुंचकर बात की तो वहां से साफ इनकार मिला। न तो शादी को स्वीकार किया गया और न ही युवती को बहू मानने की कोई सहमति दी गई। पीड़िता के भाई का कहना है कि अब उसकी बहन समाज में तिरस्कार और तानों का सामना कर रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
सम्मान से खिलवाड़, कानून की खुली चुनौती: पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह मामला केवल धोखे का नहीं, बल्कि सुनियोजित शारीरिक शोषण और मानसिक उत्पीड़न का है। मंदिर में शादी कर पत्नी का दर्जा देना और फिर उसी रिश्ते की आड़ में शोषण कर छोड़ देना गंभीर आपराधिक कृत्य है। बावजूद इसके, परिवार का आरोप है कि अभी तक ठोस कार्रवाई होती नहीं दिख रही।
थाने में छलका दर्द, न्याय की आस: खजनी थाने पहुंची युवती अपनी आपबीती सुनाते हुए बार-बार बेहोश होने लगी। उसकी हालत देखकर थाने में मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। युवती ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी और उसके परिवार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसकी जिंदगी को दोबारा सम्मान मिल सके और कोई दूसरी बेटी इस तरह के जाल में न फंसे।
इलाके में मचा हड़कंप: यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हर जुबान पर एक ही सवाल है—क्या पीड़िता को इंसाफ मिलेगा या एक और मामला फाइलों में दफन हो जाएगा? अब निगाहें खजनी पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि कानून भरोसे के साथ खड़ा है या नहीं।
Tags
Crime
