पुलिस को बताने पर दी मारने की धमकी
बाराबंकी। जिले के हैदरगढ़ कस्बे में 13 साल की लड़की का अपहरण कर लिया गया है। बदमाशों ने वीडियो कॉल के जरिए बच्ची को जान से मारने की धमकी दी। कहा, पुलिस को सूचना नहीं देना। नगर पंचायत हैदरगढ़ के लिल्हौरा वार्ड निवासी नृपेन्द्र तिवारी की बेटी गुनगुन शुक्रवार शाम करीब 5 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में अपहरणकर्ताओं ने बच्ची के पिता को फोन किया और अपहरण की पुष्टि की। उन्होंने पुलिस को सूचना देने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने वीडियो कॉल पर बच्ची को काट डालने की धमकी भी दी है, जिससे परिवार सदमे में है।
यह वारदात कोतवाली हैदरगढ़ और पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित लिल्हौरा वार्ड में हुई। बस अड्डे के पास भीड़भाड़ वाले इलाके से बच्ची का अपहरण हुआ, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। अनहोनी की आशंका के बावजूद परिजनों ने साहस दिखाते हुए हैदरगढ़ कोतवाली में तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए टीमें गठित की गई हैं। प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सर्विलांस टीम की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बच्ची को सुरक्षित छुड़ा लिया जाएगा। इस घटना के बाद से पत्रकार का परिवार गहरे सदमे और डर के साये में है।
