सौतेली मां ने पांच साल के बेटे को पीट-पीटकर मार डाला

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत मे लिया, चौक इलाके का मामला

लखनऊ। चौक इलाके में पांच साल के मासूम अर्णव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। परिवार का आरोप है कि बच्चे की सौतेली मां ने उसे पीट-पीटकर मार डाला, जबकि पिता पर भी इसमें साथ देने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस जब आरोपियों को लेकर पहुंची तो मोहल्ले में हंगामा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक अर्णव के पिता भीष्म खरबंदा पेशे से वकील हैं। अर्णव की मां का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद वह लंबे समय तक अपने ननिहाल में रह रहा था। करीब पांच महीने पहले अदालत के आदेश के बाद बच्चे की कस्टडी उसके पिता को दे दी गई थी और तब से वह चौक के लाजपत नगर इलाके में अपने पिता और सौतेली मां रागनी खरबंदा के साथ रह रहा था।

परिवार का आरोप है कि सौतेली मां अक्सर बच्चे के साथ मारपीट करती थी। घटना वाले दिन भी कथित रूप से अर्णव को बुरी तरह पीटा गया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। जब यह खबर मोहल्ले में फैली तो लोगों में भारी गुस्सा फैल गया। मृतक बच्चे की दादी, मामा और मौसी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि अर्णव की हत्या उसके पिता और सौतेली मां ने मिलकर की है, उनका कहना है कि बच्चे को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और आखिरकार उसकी जान चली गई। घटना के बाद पुलिस जब दोनों आरोपियों को लेकर इलाके में पहुंची तो स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

मोहल्ले के कई लोगों ने आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी की और नाराजगी जताई। कुछ लोगों ने आरोपियों को थप्पड़ भी मारे, जिसके बाद पुलिस को स्थिति संभालनी पड़ी। डीसीपी वेस्ट विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में मारपीट की आशंका सामने आई है, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ।

Post a Comment

Previous Post Next Post